सर्पदंश मुआवजा दिलाने के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते आपदा प्रबंधन का बाबू गिरफ्तार

रायगढ़। सर्पदंश से मृत व्यक्ति के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे की राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले रायगढ़ जिला आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष ने एसीबी से शिकायत की थी कि सर्पदंश से हुई मृत्यु के बाद शासन द्वारा स्वीकृत मुआवजा राशि जारी करने के लिए बाबू राजकुमार सिदार 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी। जैसे ही राजकुमार सिदार ने 50 हजार रुपए स्वीकार किए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के खिलाफ एसीबी की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।

एसीबी अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *