स्कूल-कॉलेज के पास शराब दुकान होने से माहौल बिगड़ने का आरोप, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

लैलूंगा। लैलूंगा में संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक संस्थानों के समीप शराब दुकान होने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों ने कहा कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों को परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनहित और विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए शराब भट्ठी को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। शराब दुकानों के स्थान और संचालन से जुड़े सभी पहलुओं का परीक्षण करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *