एकतरफा प्रेम, मोबाइल छीनने और ₹1,000 मांगने से शुरू हुआ विवाद
पत्थर से सिर पर किए कई वार, कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
रायगढ़ । चक्रधर समारोह देखने निकला 16 वर्षीय किशोर अगले दिन रामभांठा के पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में मृत मिला। सिर पर चोट के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस के सामने हत्या की गुत्थी खड़ी कर दी। कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम से उपजा विवाद, मोबाइल छीनना और पैसे मांगना प्रमुख घटनाक्रम रहा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोर को पहले धमकाया, उसका मोबाइल अपने पास रखकर ₹1,000 देने पर वापस करने की बात कही और विवाद बढ़ने पर पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं।
रात 9 बजे घर से निकला, सुबह खाली प्लॉट में मिला शव
मृतक के पिता मूलतः लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम घटगांव निवासी हैं और पिछले करीब चार वर्षों से रामभांठा में रह रहे हैं। परिजनों के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस अधिकारी, कोतवाली टीम और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के पिता ने शव की पहचान अपने पुत्र के रूप में की।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद मर्ग कायम किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
आखिरी बार साथ देखे गए युवकों तक पहुंची पुलिस
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए युवकों और घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की। गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी, दोनों निवासी बैकुंठपुर, को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने पहले घटना से इनकार किया। बाद में वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि दोनों ने हत्या करना स्वीकार करते हुए घटनाक्रम बताया।
पुलिस के अनुसार: लड़की से मिलने-जुलने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की विवेचना के अनुसार, 14 सितंबर की रात दोनों आरोपी रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां किशोर एक परिचित लड़की के साथ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी शिवम बानी उक्त लड़की के प्रति एकतरफा लगाव रखता था। पुलिस के मुताबिक, किशोर को देखकर शिवम बानी ने उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद शिवम बरेठ ने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और ₹1,000 देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। दोनों किशोर को मोबाइल सहित पुराने बस डिपो की ओर ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने किशोर को उक्त लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात कहकर डराया-धमकाया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन, मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद किया। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया गया तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के अपराध थाना कोतवाली में दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
- शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
- शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।


