इंदिरा नगर में करंट से युवक की मौत, अस्पताल के शव फ्रीजर में आई तकनीकी खराबी से कूलिंग प्रभावित

सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने स्पष्ट किया – फ्रीजर में रात के दौरान आई तकनीकी दिक्कत, सुधार के लिए तत्काल बुलाया गया मैकेनिक

रायगढ़। शहर के इंदिरा नगर में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक शंकर चक्रधारी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक इलाके में अपना कार वाशिंग सेंटर संचालित करता था। रोज की तरह काम के दौरान अचानक हुए हादसे ने उसकी जान ले ली। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया।

शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान शव सुरक्षित रखने के लिए उपयोग किए जाने वाले फ्रीजर की कूलिंग प्रभावित होने का मामला सामने आया। मामले में सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि शव को फ्रीजर में रखा गया था और फ्रीजर चालू था, लेकिन रात के दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कूलिंग का प्रवाह बाधित हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद तत्काल मैकेनिक को बुलाकर तकनीकी समस्या दूर करने का प्रयास किया गया, लेकिन खराबी तत्काल ठीक नहीं हो सकी।

डॉ. पटेल ने बताया कि फ्रीजर में आई तकनीकी दिक्कत के कारण यह स्थिति निर्मित हुई। वहीं, सुबह शव की स्थिति देखकर परिजनों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। घटना से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था, ऐसे में अस्पताल में सामने आई इस स्थिति ने उनकी पीड़ा और बढ़ा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *