
पंजीरी प्लांट के सामने उद्यान में स्थापित हुई भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु की प्रतिमा, वर्षों का प्रयास हुआ साकार
रायगढ़। कलार समाज के आराध्य देव भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु की प्रतिमा का शुक्रवार को रायगढ़ में भव्य समारोह के बीच अनावरण किया गया। पंजीरी प्लांट के सामने स्थित उद्यान में आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्रतिमा अनावरण के साथ ही कलार समाज के लंबे समय से चले आ रहे प्रयासों को एक महत्वपूर्ण मुकाम मिला। भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होने से समाज में विशेष उत्साह और गौरव का वातावरण नजर आया। कार्यक्रम में कलार महासभा के पदाधिकारियों, सामाजिक बंधुओं और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
समारोह के दौरान परिसर भगवान सहस्त्रबाहु के जयघोष से गूंज उठा। समाज के लोगों ने इस अवसर को अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए इसे गौरव का क्षण बताया। लंबे समय से प्रतिमा स्थापना के लिए किए जा रहे प्रयासों के साकार होने पर समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रायगढ़ के विकास में कलार समाज की महत्वपूर्ण भूमिका
कलार समाज का रायगढ़ के सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक परिदृश्य में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता से शहर के विकास में योगदान दिया है। ऐसे में भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना को समाज की गौरवशाली परंपरा और रायगढ़ से उसके गहरे जुड़ाव के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतिमा अनावरण समारोह ने न केवल समाजजनों को एकजुट किया, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत, आराध्य देव और सामाजिक इतिहास से जोड़ने का अवसर भी दिया। आयोजन के दौरान समाज की एकजुटता और उत्साह देखते ही बनता था।
प्रतिमा अब रायगढ़ शहर में कलार समाज की आस्था, गौरव और सामाजिक योगदान की स्थायी पहचान के रूप में नजर आएगी।


