
9 पदों के लिए होगा मतदान, 7 अक्टूबर को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन
रायगढ। जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। निर्वाचन मंडल ने 4 नवंबर 2026 को मतदान कराने का निर्णय लिया है। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव तथा कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल 9 पदों के लिए निर्वाचन होगा।
चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल का गठन किया जा चुका है। इसमें बंशीधर गुरु को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, शिशिर वर्मा एवं लोकनाथ नंदे को सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा मनोज कुमार पटनायक, किशोर कुमार थवाईत, राजेश कुमार मेहर एवं शरद बेरीवाल को उप निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को प्राथमिक मतदाता सूची निर्वाचन कार्यालय में प्रकाशित की जाएगी। सदस्य 12 अक्टूबर तक सूची के संबंध में अपनी आपत्ति लिखित रूप से निर्वाचन मंडल के समक्ष दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों के निराकरण के बाद 13 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन कार्यालय एवं संघ के सूचना पटल पर प्रकाशित की जाएगी।
14 से 23 अक्टूबर तक नामांकन पत्र प्राप्त एवं जमा किए जाएंगे। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 अक्टूबर को अभ्यर्थी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। 27 अक्टूबर को शाम 5 बजे अंतिम अभ्यर्थी सूची सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी।
इसके बाद 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक न्यायालय परिसर में मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 12 नवंबर को निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।


